(हृदय विदारक)मां का शव सुपुर्दे खाक करने को जिस पुत्र का हो रहा था इंतजार,वह भी असमय काल के गाल में समा गया!

0
IMG-20250509-WA0038

रुड़की(संदीप तोमर)। पथरी क्षेत्र में मां-बेटे की मौत से एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बीमार व बुजुर्ग मां की मौत की खबर सुनकर केदारनाथ से वापस लौट रहे बेटे का टैंपो ट्रैवलर फाटा के नजदीक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। टैंपो ट्रैवलर खाई में गिरने से उसकी मौत हो गई। अभी तक मां की मौत का गम मना रहे परिवार में बेटे की मौत की खबर मिलने पर कोहराम मच गया। बेटे का शव आने के इंतजार में मां के शव को भी अभी सुपुर्दे खाक नहीं किया गया। घर पर दुख जताने वालों का तांता लगा हुआ है।
पथरी क्षेत्र के गुर्जर बस्ती निवासी दिलशाद पेशे से चालक था और टैंपो ट्रैवलर चलाता था। वह चारधाम यात्रियों को लेकर केदारनाथ गया हुआ था। काफी समय से बीमार चल रही उसकी मां वहीदा 70 वर्ष की गुरुवार को मौत हो गई। परिवार ने इसकी सूचना दिलशाद को दी। दिलशाद ने केदारनाथ से पहले पड़ाव पर यात्रियों को छोड़ा और वापस आ रहा था। ऐसा बताया गया है कि फाटा गुप्तकाशी क्षेत्र में उसका टैंपो ट्रैवलर खाई में जा गिरा। जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे में दिलशाद की मौत की खबर मिलने पर परिवार में चीख पुकार मच गई। रिश्तेदारों ने बताया कि दिलशाद के चार बच्चे मुस्कान,तानिया,सानिया व बेटा फरहान है। पूरे परिवार की जिम्मेदारी दिलशाद के कंधों पर थी। मां की मौत के साथ ही बेटे के दुनिया से चले जाने के बाद परिवार का सहारा ही छिन गया। गांव के साथ ही दुखद हादसे की खबर मिलने पर दूसरे गांवों से भी लोग संवेदना जताने के लिए गुर्जर बस्ती पहुंचते रहे।

अब दोनों शव साथ होंगे सुपुर्दे खाक

रिश्तेदारों ने बताया कि बेटे के इंतजार में मां को सुपुर्दे खाक नहीं किया गया था। उसके जीवित आने की उम्मीद थी। लेकिन अब उसका शव ही आएगा तो मां-बेटे को एक साथ सुपुर्दे खाक किया जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed